जसराना (फिरोजाबाद)। तहसील में ड्यूटी करने आ रहे एक लेखपाल की कार एवं ट्रैक्टर में आपस में भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत में बाइक भी चपेट में आ गई। लेखपाल और बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए भेजा।
जसराना तहसील में तैनात लेखपाल प्रबल कुमार निवासी सिरसागंज अपनी कार से जसराना ड्यूटी पर आ रहे थे। जसराना के राजकीय कन्या इंटर कालेज के सामने कार की भिड़ंत सामने से ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्राली से हो गई। वहीं जसराना की तरफ से शिकोहाबाद की तरफ जा रहे बाइक सवार कुछ समझ पाते तब तक उनकी बाइक भी ट्रैक्टर से भिड़ गई।
हादसे में बाइक सवार अजीत कुमार निवासी अगुपुरा चौराहा इटावा, राकेश कुमार निवासी करहल गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद एटा शिकोहाबाद मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। मौके पर लगी लोगों की भीड़ ने घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों वाहनों को थाना जसराना में खड़ा कराने के साथ ही घायलों के बारे में जानकारी की। बाइक सवार के परिजन ने बताया कि वो आवश्यक कार्य से बनवारा जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ है। जानकारी मिलने पर तहसील में कार्यरत लेखपाल भी साथी लेखपाल का हाल जानने पहुंच गए।