फिरोजाबाद। दुकान पर बैठी महिला के साथ बाइक सवार युवकों ने मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि हमलावर दुकान में रखी करीब 14 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी को प्रयास कर रही है।
दक्षिण थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सुहागनगर निवासी बीनादेवी बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे अपनी परचून की दुकान पर बैठी थी। उनके पुत्र और परिवार के अन्य लोग दुकान के ऊपर बने घर में थे। तभी तीन बाइकों पर आठ से दस युवक वहां पहुंचे।
दुकान पर बैठी बीनादेवी से उनके छोटे पुत्र सत्यम तोमर के बारे में पूछताछ की। महिला द्वारा सत्यम के बारे में जानकारी न देने पर आरोपियों ने बीना देवी के साथ मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। शोरगुल होने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो हमलावर वहां से भाग गए।
पीड़ित बीना देवी के पुत्र संजय ने बताया कि हमलावर मां के साथ मारपीट कर करीब 14 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए है। बताया जाता है कि बुधवार को सत्यम दावत खाने के लिए गया था। यहां नारखी के गांव गौंछ निवासी एक युवक से उसका विवाद हुआ था।
उस वक्त लोगों ने विवाद को शांत करा दिया। लेकिन गौंछ निवासी युवक देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ कर मां के साथ मारपीट की है। थानाध्यक्ष दक्षिण रामेंद्र कुमार का कहना है कि कुछ लोगों ने मारपीट की है। मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।