बखौफ बदमाशों ने कोटला रोड स्थित ओम मार्केट में बनी तीन दुकानों के शनिवार रात ताले तोड़ दिए। बदमाश लाखों रुपये का माल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह पीड़ितों को हो सकी।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र की ओम कालोनी निवासी श्री भगवान का कोटला रोड पुलिस चौकी से दस कदम की दूरी पर ओम मार्केट है। ऊपर की मंजिल में श्रीभगवान की कपड़े की दुकानें है, जबकि नीचे की मंजिल पर दिनेश पचौरी पुत्र राज बहादुर और राहुल पुत्र सर्वेश की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। शनिवार रात प्रतिदिन की भांति सभी लोग दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह श्रीभगवान दुकान पहुंचे तो शटर टूटे देखकर उनके होश फाख्ता हो गए। सूचना पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जानकारी पर पीड़ित राहुल और दिनेश भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिया। पीड़ित दिनेश पचौरी ने बताया कि बदमाश दुकान में रखे कंप्यूटर, इनवर्टर, बैटरी के साथ मोबाइल ले गए। वहीं राहुल की दुकान से बदमाश इनवर्टर, कंप्यूटर, लैपटॉप, नए और पुराने मोबाइलों के साथ अन्य सामान चोरी कर ले गए। श्रीभगवान की कपड़े की दुकान से बदमाश दो लाख का माल चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।