टूंडला (फिरोजाबाद) । थाना पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित सर्राफा की दुकान में नकब लगाकर चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को सोमवार देररात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चोरी किए सोने-चांदी के आभूषण, तमंचा-कारतूस एवं चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
3 जुलाई को नकबजनी कर स्टेशन रोड स्थित श्रीजी ज्वेलर्स की दुकान में चोरी हुई थी। घटना को लेकर एसएसपी आदित्य लांग्हे ने पुलिस टीमों का गठन किया था। सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना पर जानकारी मिली कि पुराने बाईपास स्थित गेल गैस प्लांट से पहले खाली पड़े प्लॉट में बदमाश चोरी का माल बेचने और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो फायर झोंक दिए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दो बदमाशों को पुलिस घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश सौदागर शेख निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, विजय नगर, गाजियाबाद है। गिरफ्तार अन्य बदमाश गंगा उर्फ गौरव निवासी उडेसर, थाना एका, फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, एटा और अजीत कुमार निवासी नगला समन, एटा हैं। गिरफ्तार बदमाशों को न्यायालय भेजा, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
बदमाशों से आभूषण व नकदी सहित ये हुए बरामद
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, तलाशी के दौरान 10 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण में बिछुआ, पायल, पांच मंगलसूत्र, सात हाथ के ब्रेसलेट, दो कंगन, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, शुभ-लाभ, स्वास्तिक, सिक्के, अंगूठियां, कुबेर यंत्र की पत्तियां, दीपक, कानों के टॉप्स और कांच के मोतियों की मालाएं हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त दो ऑक्सीजन सिलिंडर, पांच लीटर का लाल रंग का गैस सिलिंडर, इलेक्ट्रिक तराजू, लोहे का सब्बल, छेनी और पेचकस भी बरामद किए हैं।
बदमाशों पर दर्ज हैं ये आपराधिक मामले
मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास सौदागर शेख के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं गंगा उर्फ गौरव और अजीत कुमार के खिलाफ भी टूंडला तथा एटा में मुकदमे दर्ज हैं।
गाजियाबाद में हलवाई का काम करता था मुख्य सरगना
ज्वैलर्स के यहां लाखों की चोरी करने वाले बदमाशों का मुख्य सरगना सौदागर शेख निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, विजय नगर, गाजियाबाद, गाजियाबाद में ही हलवाई का काम करता था। उसके साथ ही गंगा उर्फ गौरव निवासी उडेसर, थाना एका, फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, एटा और अजीत कुमार निवासी नगला समन, एटा हलवाईगीरी का काम करते थे। तीनों ने मिलकर गाजियाबाद में गैंग बनाया था। पहले उन्होंने गाजियाबाद में ही वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद टूंडला में ज्वैलर्स की दुकान में नकबजनी की। इसके बाद उन्होंने एटा में मोबाइल की दुकान में चोरी की, जहां पकड़े जाने पर जेल गए थे। अभी जमानत पर छूटकर आए थे।