टूंडला। वृद्धा की अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच मधुमक्खियों के हमले में घायल ग्रामीणों को फिरोजाबाद व आगरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, अस्पताल से उपचार के बाद लौटे ग्रामीणों को उल्टी दस्त हो रहे हैं। इससे ग्रामीण परेशान हैं। थाना क्षेत्र के गांव नगला हरिशचंद्र निवासी मुकेश यादव की मां कौशल्या देवी के निधन होने पर सोमवार सुबह अंतिम संस्कार होना था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए खेत पर ले गए थे। जहां अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच पीपल के पेड़ पर बैठी पहाड़ी मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया था। हमले में 30 से अधिक ग्रामीण घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल व गंभीर घायलों को आगरा रेफर किया गया था।
जिला अस्पताल से उपचार कराकर देरशाम लौटे ग्रामीण अभी भी मधुमक्खियों का दंश झेल रहे हैं। इतना ही नहीं मंगलवार सुबह उन्हें उल्टी दस्त हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि जिला अस्पताल में उपचार कराकर लौटे मिट्ठू लाल, रघुनाथ सिंह, मुकेश व राजपाली उल्टी दस्त से खासे परेशान हैं। उनका परिजन प्राइवेट चिकित्सक से इलाज करा रहे हैं। वहीं, आगरा में गंभीर घायल ओली सिंह, अवनीश कुमार का एवं सौरभ यादव व अमन यादव का फिरोजाबाद में इलाज चल रहा है।