फिरोजाबाद। भारतीय मजदूर संघ ने सात सूत्री एक ज्ञापन एसडीएम मुख्यालय को दिया। मजदूर संघ ने ईपीएफ के पेंशनर्स को मिलने वाली पेंशन राशि में बढ़ोत्तरी की मांग की है। भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। राजीव यादव के नेतृत्व में मुख्यालय पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में ईपीएफ के तहत मिलने वाली पेंशन राशि की सीमा बढ़ा कर न्यूनतम 5000 रुपये करने की मांग प्रमुखता से उठाई है। एसडीएम को दिए सात सूत्री ज्ञापन में बीमा व अन्य सार्वजनिक उपक्रमों में विदेशी निवेश पर रोक लगाने एवं स्कीम व असंगठित क्षेत्र के कर्मियों को सरकारी संस्थाओं के समान वेतन भुगतान की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में रमाकांत यादव,महेश चंद और दिनेश कुमार यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे।