जसराना। सोमवार की शाम बंबा में मिले युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की दोपहर गांव में लाया गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। फोरेंसिक टीम ने गांव एवं घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। परिजन पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
जसराना के गांव नगला मनी निवासी अतर सिंह का पुत्र राजीव (18) रविवार की सुबह प्रसाद लाने की कहकर घर से निकला था। सोमवार शाम उसका शव गांव के पास बंबा में मिला। युवक का शव मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को शव गांव लाया गया। रात से ही गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई थी।
कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया मय पुलिस फोर्स के गांव में पहुंचे और शव का अपनी मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया। परिजन ने पुरानी रंजिश में युवक की हत्या करने की बात कही। वहीं पुलिस के साथ गांव में पहुंची फोरेंसिक टीम ने गांव में जाकर लोगों से बात करने के साथ बंबा के पास पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। कोतवाल का कहना है कि इस मामले में युवक के परिजन ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।