टूंडला के केपी कॉम्पलैक्स में साड़ी की दुकान में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। सर्दी बढ़ने के साथ ही नगर में चोरी की घटनाएं भी बढ़ रहीं हैं। चार दिन में चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष है।
फिरोजाबाद रोड पर फायरब्रिगेड से पूर्व केपी कॉम्पलैक्स में दीया कॉस्मेटिक सेंटर व मां दुर्गा साड़ी सेंटर की दुकानें हैं। दीया कॉस्मेटिक के स्वामी रत्नेश वर्मा निवासी निकुंज कॉलोनी, टूंडला व दुर्गा साड़ी सेंटर के स्वामी अतुल कुमार चक निवासी नई बस्ती शुक्रवार शाम को आठ बजे के करीब दुकान बंदकर घर चले गये थे। शनिवार सुबह नौ बजे के करीब दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान की हालत देख कर उनके होश उड़ गए।
दुकानों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के गल्ले से कैश व सामान गायब था। अतुल चक के मुताबिक उसकी दुकान से चोर करीब 20 हजार रुपये व एक लाख से ज्यादा की साड़ी आदि सामान चोरी कर ले गये हैं। वहीं रत्नेश ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 15 हजार का सामान चोरी किया गया है। दोनों दुकानदारों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि बुधवार रात में भी चोरों ने स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के सामने से मुन्ने खां व पप्पू खां, रामकुमार शर्मा निवासी कच्चा टूंडला की दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये पार कर दिए थे।