कार का शीशा तोड़ कर की गई चोरी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना उत्तर के रेहना स्थित ब्रह्मपुरी के बाहर नाले किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर 12 हजार की नकदी और अन्य सामान पार कर लिया गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की।
थाना दक्षिण के मोहल्ला सुहागनगर सेक्टर तीन निवासी राजीव यादव उर्फ मिंटू पुत्र हृदयराम यादव मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे रेहना की पुलिया ब्रह्मपुरी के पास अपनी गाड़ी से किसी काम से आया था। गाड़ी को नाले किनारे खड़ी कर वह चला गया। इस दौरान गाड़ी का शीशा तोड़कर 12 हजार की नकदी के साथ लाइसेंस सहित अन्य सामान किसी ने पार कर दिया।
लौटने पर राजीव यादव को घटना की जानकारी हो सकी। उन्होंने घटना की जानकारी अपने परिजनों और थाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है। पीड़ित ने थाना उत्तर पुलिस को तहरीर दी है।
थाना प्रभारी उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने कहा कार का शीशा तोड़कर नकदी, सामान निकालने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।