शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सोमवार को तड़के रंजिश में युवक को गोली मार कर घायल कर दिया। गोली युवक के पेट में धंस गई। परिजन युवक को इलाज के लिए आगरा ले गए हैं। आक्रोशित लोगों ने आरोपी युवक के पिता को पकड़ कर बेरहमी से पीटा।
थाना क्षेत्र के गांव माढ़ई निवासी विक्रांत उर्फ विक्की (35) पुत्र रामनरेश यादव सोमवार सुबह खेत से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उस पर गांव के ही एक युवक ने फायर कर दिया। गोली विक्की के पेट में धंस गई। वह जमीन पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। अचानक फायर की आवाज और युवक की चीखपुकार सुन ग्रामीण दौड़ पड़े। परिजन घायल युवक को लेकर अस्पताल आए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायल को आगरा में प्राइवेट अस्पताल ले गए हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मलिक का कहना है कि दोनों पक्षों में गांव में अपना-अपना प्रभाव दिखाने के लिए पहले से रंजिश चल रही है। घायल युवक पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के पिता का आरोप बाइक से बांध कर घसीटा
घटना से आक्रोशित घायल युवक के पक्ष के लोगों ने आरोपी के पिता सत्यप्रकाश (55) को पकड़ लिया और उसे बेरहमी से पीटा। जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक के पिता को बचा कर थाने आई। आरोपी के पिता सत्यप्रकाश का आरोप है कि हमलावरों ने उसे बाइक से बांध लिया और एक किलोमीटर तक घसीटा। इससे उसके एक पैर की अंगुलियां जख्मी हो गईं और कपड़े फट गए। इस पर प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पीड़ित का पिता अपने बचाव में झूठी कहानी गढ़ रहा है।