टूंडला। बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के स्टेशन रोड स्थित नगला राधेलाल निवासी हरीशंकर (35) अपने छोटे भाई अनिल कुमार के साथ रहता था। शनिवार को अनिल कुमार फिरोजाबाद कारखाने में काम करने के लिए चला गया था। घर पर हरीशंकर अकेला ही था। शनिवार रात को एक बजे करीब अनिल घर लौटा तो हरीशंकर को कमरे में पंखे से फंदे पर झूलते पाया। उसकी चीख-पुकार पर आसपास के लोग पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनिल ने बताया कि दो साल पूर्व उसके भाई का नाले में गिरने से पैर टूट गए थे, जिससे वह चलने फिरने में असमर्थ हो गया था। इसके चलते उसका काम भी छूट गया था। दवाई के लिए भी पैसे नहीं हो पाते थे इससे वह काफी तनाव में रहता था। हरीशंकर को समझाते हुए वह इलाज करा रहा था। शनिवार को वह मजदूरी करने गया था तभी यह घटना हो गई।