फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में एक महिला ने फंदा कसकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जब उसकी बड़ी बेटी ने उसे फंदे पर झूलता देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने तत्काल सूचना पिता को दी। पिता जीवित होने की आस में महिला को लेकर सरकारी ट्राॅमा सेंटर पहुंच गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जलेसर रोड टापा कलां निवासी कृष्णा (30) ने सोमवार को घर के कमरे में फंदा कसकर जान दे दी। उसकी बेटी मां को तलाशते कमरे में पहुंची तो महिला फंदे से झूल रही थी। बेटी ने रोते हुए पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। पति अमिताभ ने बताया कि वह टाइल्स और पत्थर का काम कर रहा था। सूचना पर घर पहुंचकर पत्नी को फंदे से उतारकर सरकारी ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंच गया। जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर पुलिस भी अस्पताल आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घरेलू विवाद सामने आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।