फिरोजाबाद में कोरियर खाली होने पर कोरियर कर्मचारी और युवती का विवाद हो गया। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कोरियर संचालक द्वारा रुपये वापस किए जाने पर मामला शांत हो सका।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला जैननगर स्थित महावीर एंक्लेव निवासी मोनिका ने हाथ की घड़ी ऑनलाइन खरीदी थी। बुधवार को कोरियर कंपनी का कर्मचारी कॉरियर लेकर पहुंचा। मोनिका ने कोरियर कर्मचारी को 250 रुपये देने के साथ ही कोरियर खोलकर देखा तो वह खाली था और उसके अंदर घड़ी नहीं थी।
मोनिका व उसके परिजन बाहर आ गए और युवक को रोक लिया। इस बीच दोनों पक्षों के बीच हंगामा होने लगा। कोरियर वाले कर्मचारी ने अपने कार्यालय में बात कराई तो पता चला पार्सल दूसरी ओर से फटा था और टेपिंग करने के बाद इसे फिर चिपका दिया और कोरियर कर्मचारी इसे लेकर आया था।
कहासुनी और पुलिस को बुलाने की धमकी के बाद कोरियर कंपनी ने कर्मचारी की गलती मानी क्योंकि पार्सल पहले से फटा था तो क्यों ग्राहक को दिया गया और आननफानन में रिसीविंग क्यों कराई गई। बाद में कर्मचारी ने 250 रुपये लौटाए और कोरियर कंपनी ने भी कर्मचारी की हरकत को लेकर हाथ खड़े कर लिए थे। मामला एन्क्लेव में चर्चा का विषय बना रहा।