शिकोहाबाद। एटा रोड पर ग्रीन पार्क के समीप फल की ढकेल लगाने वाले युवक को अज्ञात वाहन ने बीती रात रौंद दिया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कटरा मीरा निवासी दीपक शर्मा (42) एटा चौराहे पर फल बेचकर परिवार का भरण पोषण करता था। सोमवार को देर रात ढकेल खड़ी करके पैदल घर जा रहा था, तभी पीछे से तेज गति से आ रही मैक्स गाड़ी ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक घटना के बाद वाहन को भगा ले गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी डॉली ने वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। मृतक पर तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पत्नी और बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है।