फीरोजाबाद के थाना टूंडला क्षेत्र के हाईवे किनारे स्थित एफएम वाटिका के दो गार्डों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि दोनों ने सर्दी से बचने के लिए तसले में कोयले जलाकर रखे थे, उनके जलने से बनी कार्बनमोनोआक्साइड गैस से से दोनों की मौत हुई है। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मरने वाले चौकीदार केशव शर्मा (35) रेहना की परशुराम कालोनी और कश्मीर यादव (45) औरैया के गांव हरराजपुर थाना दिवियापुर के रहने वाले थे। कश्मीर यादव फिलहाल नगला भाऊ में रह रहे थे। दोनों टूंडला थाना क्षेत्र के एफएम वाटिका में गार्ड थे। मंगलवार की शाम को वह ड्यूटी करने के लिए घर से वाटिका गए थे। बुधवार सुबह आठ बजे मेटाडोर का चालक वाटिका के अंदर से सामान लेने के लिए पहुंचा तो काफी हार्न के बजाने के बाद भी गेट नहीं खुला। इस पर उसने मालिकों को जानकारी दी। उन्होंने भूरी सिंह नाम के व्यक्ति को भेजा। उसने गार्ड के कमरे को देखा तो दोनों मृत अवस्था में पड़े थे।
सूचना पर एसपी अजय मोहन शर्मा व एएसपी राकेश पांडेय के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम पहुुंच गई। जांच की तो कमरे के अंदर कोयले का तसला रखा हुआ था। केशव के नाक, हाथ एवं पैर से खून निकल रहा था। कश्मीर सिंह का शव चारपाई पर था। केशव के परिजनों के द्वारा हत्या की आशंका जाहिर की गई। इस पर एएसपी और परिवारीजनों के बीच नोकझोंक हो गई। एएसपी ने सीसीटीवी की फुटेज लेने व पैनल से पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना था केशव के हाथ, पैर और नाक से जिस तरह खून निकला है वह चूहे के काटने के कारण है। पुलिस ने केशव के मामा को कमरे में ले जाकर चूहे द्वारा हाथ, पैर कुतरने के निशान दिखाए। थानाध्यक्ष टूंडला ने कहा गार्डों के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। कमरा बंद करके अलाव तापने के दौरान बनी गैस (कार्बन मोनोआक्साइड) से उनकी मौत हुई है।