कायाकल्प योजना के तहत लखनऊ से आई तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल के अलग-अलग बिंदुओं पर परीक्षा ली। कई घंटों के निरीक्षण किया गया। गुरुवार को भी व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। इस परीक्षा के बाद मिलने वाली ग्रेडिंग से पता लगेगा कि यूपी में फीरोजाबाद की रैंक किस स्थान पर है।
बुधवार को निदेशक संक्रामक रोग डा. सत्य मित्र, मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार शर्मा, डीपीओ मैनपुरी संजीव वर्मा और डीपीओ फीरोजाबाद सरजू खान ने जिला अस्पताल में कई बिंदुओं पर परीक्षण किया। टीम ने सबसे पहले पार्किंग का निरीक्षण किया। बेतरतीब लगे वाहनों पर आपत्ति दर्ज कराई। आरओ प्लांट के आसपास कुत्ते घूमते मिले। ओपीडी और इमरजेंसी का भी निरीक्षण किया, जिसमें बहुत अव्यवस्थाएं देखने को मिली। अधीनस्थों को निर्देश दिए। टीम गुरुवार को भी अस्पताल का दौरा करेगी।
बाक्स
50 लाख रुपये की राशि मिलेगी
दरअसल, कायाकल्प योजना के तहत यूपी के सभी अस्पतालों का सर्वे कराया जा रहा है। तकरीबन 20 बिंदुओं पर ग्रेडिंग दी जाएगी। यूपी में जो भी अस्पताल नंबर एक पर आएगा, उस अस्पताल को केंद्र सरकार की ओर से 50 लाख रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। जबकि दूसरे नंबर पर आने वाले को अस्पताल को 20 लाख। साथ ही जिन अस्पतालों को 70 फीसदी से अधिक अंक मिलेंगे, उन्हें तीन लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि अतिरिक्त दी जाएगी। ऐसे में अपने अस्पताल को अव्वल बनाने में अस्पताल प्रशासन जुटा है।