सावित्री फाउंडेशन की प्रतियोगिता में छात्राओं के हाथ मेंहदी देखते संगठन पदाधिकारी व निर्णायक।
- फोटो : सावित्री फाउंडेशन की प्रतियोगिता में छात्राओं के हाथ मेंहदी देखते संगठन पदाधिकारी व निर्णायक। संवाद
फिरोजाबाद। सावित्री फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री रामानंद गर्ग इंटर कॉलेज में दिवाली थीम पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें सामान्य ज्ञान, मेहंदी, स्लोगन लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में कुल 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं संस्था की संरक्षक कल्पना राजौरिया ने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि वे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी समझते हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने प्रतियोगिताओं को केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सीखने और विचारों को साझा करने का माध्यम बताया। उन्होंने छात्रों की रचनात्मक सोच देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। निर्णायक मंडल में शामिल समाजसेवी नीतू बंसल और दीपा अग्रवाल ने सावित्री फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच की शैक्षिक खाई को पाटने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
प्रदेश सचिव निशांत गर्ग ने घोषणा की कि फाउंडेशन आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जनपदों में भी इसी तरह के आयोजन करेगा। अंत में, संस्था के अतुल शुक्ला ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।