डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि जिले के सभी नौ मतगणना केंद्रों पर चाक चौबंद व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मतगणना के दौरान सांठ-गांठ करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। रासुका के तहत कार्रवाई होगी। जिले के सभी मतगणना कार्मिक निर्भीक होकर पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ मतगणना कार्य कराएं।
डीएम विजय किरन आनंद एमजी बालिका इंटर कालेज में मतगणना कार्मिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा किसी भी निर्वाचन का सबसे महत्वपूर्ण एवं अंतिम स्तर मतगणना प्रक्रिया होती है। गणना प्रक्रिया में जरा सी लापरवाही पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को दूषित कर सकती है। इसलिए मतगणना में लगे सभी कार्मिक पूरी ईमानदारी व निष्पक्षता के साथ मतगणना का कार्य पूर्ण कराएं। यदि किसी के द्वारा मतगणना में पक्षपात कराने का प्रयास किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हर गतिविधि कैमरों में कैद होगी। कार्मिकों को मतगणना केंद्रों पर सुबह छह बजे पहुंचना होगा। ताकि मतगणना का कार्य सुबह सात बजे प्रारंभ हो सके। दूरदराज क्षेत्रों के लिए मुख्यालय पर बसों की व्यवस्था रहेगी। मतपत्र को अवैध बताने के आठ कारणों की जानकारी दी। सीडीओ सुजीत कुमार ने मतगणना की बारीकियों को समझाया और विस्तार से प्रशिक्षण श्रीकिशन शर्मा ने दिया। इस दौरान डीपीओ धर्मेंद्र कुलश्रेष्ठ के अलावा बीएसए बाल मुकुंद प्रसाद के साथ अन्य अधिकारी मौजूद थे।
17 कर्मचारी रहे अनुपस्थित आज नहीं आए तो अभियोग
प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ सुजीत कुमार ने कहा कि शुक्रवार को प्रथम पाली में एक एवं द्वितीय पाली में 16 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। यदि 12 दिसंबर को उन्होंने अपनी ड्यूटी पत्र नहीं लिए तो अभियोग दर्ज कराने की ही कार्रवाई होगी। सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा ने कहा कि पड़ताल के बाद तहरीर पुलिस को दे दी जाएगी।