फिरोजाबाद। कलक्ट्रेट सभागार मे मिलावट की रोकथाम के लिए डीएम चंद्रविजय सिंह की अध्य्क्षता मे बैठक आहूत की गई। इसमें लोगों को शुद्ध खानपान की सामग्री उपलब्ध कराने के लिए रणनीति तैयार की गई। इस दौरान डीएम ने पात्रों को वितरित किए जाने वाले राशन और पुष्टाहार की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश जारी किए।
डीएम ने कहा कि जिले के सभी राशन की दुकानों का पंजीकरण कराया जाए। इसके साथ ही नगर निगम के सहयोग से क्लीन फूड स्ट्रीट हब बनाए जाएं। ताजे फल और सब्जी बाजार की स्थापना की जाए, जहां लोगों को गुणवत्तापूर्वक सामान मिल सके। बाल विकास एवं पुष्टाहार द्वारा वितरित किए जाने वाले पोषाहार की भी जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
डीआईओएस एवं बीएसए को निर्देश दिए कि मिड-डे मील में वितरित भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग को अभियोजन विभाग से संपर्क कर लंबित वादों को तत्काल निस्तारित कराया जाए। औषधि निरीक्षक को निर्देश दिए कि ऑक्सीटोसिन के विक्रय पर रोकथाम एवं दवा की गुणवत्ता पर छापेमारी समय-समय पर की जाए। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार, डीआईओएस बालमुकुंद, खाद्य सुरक्षाधिकारी बीएस कुशवाह, बीएसए अंजली अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
दूध-बेकरी उत्पादों के नमूने लिए
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को शहर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कोटला रोड नगला करन सिंह स्थित महावन डेयरी से दूध और मां पीतांबरा डेयरी से पनीर का नमूना लिया। वहीं महेंद्र बेकरी से बिस्कुट का नमूना लिया। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा।