नगर की रेलवे कालोनी में आयोजित चार दिवसीय वसंतोत्सव मेले का सोमवार को मां सरस्वती की महाआरती और मूर्ति विर्सजन के साथ समापन हो गया। आरती के बाद मां सरस्वती की गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। मां शारदे की प्रतिमाओं को नगर भ्रमण करा विसर्जन के लिए बटेश्वर ले जाया गया। इस दौरान कार्यक्रम आयोजकों और श्रद्धालुओं ने जमकर फाग भी खेला।
नगर में वसंत पंचमी पर्व के साथ ही प्रारंभ हुआ चार दिवसीय वसंतोत्सव मेला सोमवार को धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मेले के समापन से पूर्व मनोरंजन केंद्र और यज्ञ शाला के समीप सजाए गए मां सरस्वती के पांडालों में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद महिलाओं ने मां शारदे पर सिंदूर चढ़ाकर उन्हें विदाई दी और अगले सत्र के लिए आमंत्रित किया। बाद में महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में सैकड़ों देवी भक्तों ने भाग लिया। महा आरती के बाद देवी प्रतिमाओं को झांकियों के रूप में सजाया गया। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ झांकियों को नगर भ्रमण करवाते हुए विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान देवी भक्तों ने देवी भेंटों पर जमकर नृत्य किया और आपस में गुलाल के साथ फाग खेला। झांकियां न्यू रेलवे कालोनी से प्रारंभ होकर आरपीएफ बैरक कंपनी बाग, दीपा चौराहा, मुख्य बाजार कोतवाली, जीजीआईसी, भारत माता चौक, सब्जी मंडी और सुभाष चौराहे होते हुए बटेश्वर के लिए रवाना की गईं। श्रीश्री सरस्वती पूजा एवं वसंत महोत्सव मनोरंजन केंद्र में दिनेश चौधरी, रनवीर यादव, संजीव श्रीवास्तव, लालजी यादव, सुदीप गांगुली, सेंकी यादव, रानू, नरेंद्र जैकी, वीरेश यादव, निर्मल चक, देवेंद्र बाबा, ओमप्रकाश शर्मा, रूपेंद्र शर्मा, लालू दिवाकर, श्याम सुंदर कुशवाहा आदि का एवं यज्ञशाला मंदिर पर आयोजित सरस्वती पूजा के गोलू, खलील अहमद, अजय तिवारी, अनिल चुनमुन, रिंपी श्रोत्रिय आदि का योगदान रहा।