शब्दम एवं स्पिक मैके के संयुक्त तत्वाधान में शास्त्रीय संगीत गायिका महुआ मुखर्जी ने ठा. तारा सिंह इंटर कालेज, नौशहरा एवं संत जनू बाबा शिक्षण संकुल (प्राइमरी, इंटर, डिग्री कालेज) मांड़ई में कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
महुआ मुखर्जी ने ठा. तारा सिंह इंटर कालेज में सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का प्रारंभ किया। इसके बाद श्याम सुंदर मदन मोहन जागो मेरे लाला.... एवं राग भैरवी के रागों के साथ संगीत की मधुर ध्वनि से छात्र-छात्राओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। छात्र-छात्राओं से कहा कि सुरताल गीत और वाद्य ही संगीत है।
संत जनू बाबा शिक्षण संकुल में नदिया किनारे मोरा गांव सांवरे आ जइयो एवं मीरा बाई के भजनों से विद्यार्थियों को संगीत की बारीकियों को बताया। उन्होंने आह्वान किया कि दीवाली पर दिया जलाएं, शास्त्रीय संगीत सुनें और बजाएं पर पटाखे न चलाएं। उनके साथ मंच पर तानपुरा पर रोमानिया की उनकी शिष्या कारनेल उर्फ कलावती, तबले पर आरती दोहरा एवं उनकी सहयोगी सोनिया ने संगत की। अतिथियों का प्रधानाचार्य डा. संतोष कुमार कुशवाह, संजय तोमर, श्रद्धा चौहान, आरपी सिंह वर्मा ने तथा संत जनूबाबा शिक्षण संकुल में ब्रजेश बाबू गर्ग एवं अमरपाल सिंह यादव सहित विभिन्न शिक्षकों ने स्वागत किया। स्पिक मैके एवं शब्दम की ओर से एसके शर्मा, मनोज कुलश्रेष्ठ, माया शर्मा, मंजर उलवासै आदि उपस्थि रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन शशिकांत एवं मनोज कुलश्रेष्ठ ने किया।