फिरोजाबाद। थाना उत्तर की कोटला रोड चौकी पुलिस एक बार फिर से आरोपों में घिरी है। पीड़िता के पुत्र व बहनोई को कुछ लोगों द्वारा पीटे जाने की शिकायत लेकर जब पीड़िता चौकी पर गई तो पुलिस मौके पर आ गई। मौके से पीटने वाले को पकड़ लिया। आरोप है कि रास्ते में आरोपी को पुलिस ने छोड़ दिया। जब पीड़ित थाने गए तो कोई सुनवाई नहीं की गई। तब एसएसपी से कार्रवाई के लिए गुहार लगाई गई। थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कांशीराम विहार कालोनी मंडी समिति निवासी ओमवती ने बताया कि 24 जून को पुत्र किशन, बहनोई रामेश्वर दयाल राजमिस्त्री हैं। ठेकेदार राजबहादुर को रुपये देने के दौरान मौके पर छोटू आ गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी अपने घर की ओर चला गया। घर आते समय छोटू, हंगा, शिवम ने हाथों में लाठी-डंडे और सरिया से पुत्र पर हमला कर दिया। जब पीड़िता उसे बचाने गई तो उसकी भी पिटाई कर दी। तीनों घायल जब कोटला रोड पुलिस चौकी पर गए और चोटें दिखाकर घटनाक्रम बताया तो पुलिस ने मौके से छोटू को पकड़ लिया और थाने ले जाने लगी।
आरोप है कि पुलिस ने उसे रास्ते में ही छोड़ दिया। पुलिस ने न तो घायलों का मेडिकल कराया और न ही कोई रिपोर्ट दर्ज की। जब थाने में पीड़िता की कोई सुनवाई नहीं हुई तो वह फरियाद लेकर एसएसपी कार्यालय जा पहुंची। जहां पुलिस कप्तान ने शिकायतीपत्र के आधार पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे।