शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बुढ़रई आवगंगा रोड पर तीन हत्याओं के आरोपी 50 हजार के इनामी बदमाश राजू खान की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत की अब मजिस्ट्रेटी और पुलिस जांच शुरू हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय को इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी।
वहीं, आगरा रेंज के डीआईजी ने इस मुठभेड़ की पुलिस जांच के लिए मथुरा पुलिस को नामित किया है। एसएसपी मथुरा ने यह जिम्मेदारी थाना हाईवे के इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार को सौंपी है। राजू खान ने 4/5 मार्च की रात डीपीआरओ के सेवानिवृत्त चालक मुन्नालाल और उनकी पत्नी मिथलेश देवी की लूटपाट के बाद हत्या कर दी थी। हाल ही में उसने शिकोहाबाद के मलिखानपुर गांव में एक वृद्धा सूरजमुखी उर्फ पूरन देवी की भी लूटपाट के बाद हत्या कर दी थी, जिसके बाद पुलिस मुठभेड़ में वह मारा गया था।
मृतकों के परिजन बोले, पुलिस ने दी सच्ची श्रद्धांजलि
शिकोहाबाद। तीन हत्याओं के आरोपी की मौत से दंपती के परिजन एवं व्यापारियों में खुशी का माहौल है। मृतक मुन्नालाल के बेटे मनीष कुमार एवं उनकी पुत्रवधू रेनू देवी का कहना है कि पुलिस ने चार माह बाद हत्यारे को मारकर वृद्धा को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। वहीं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल शिकोहाबाद के नगर अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता उर्फ जोनू, मनीष अग्रवाल आदि ने जिलाध्यक्ष रामनरेश कटारा संग एसएसपी सौरभ दीक्षित से कार्यालय जाकर पुलिस के कार्यों की सराहना की। संवाद