मेडिकल कॉलेज में मरीजों की लगी कतार।
- फोटो : मेडिकल कॉलेज में मरीजों की लगी कतार।
फिरोजाबाद। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते टाइफाइड के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में प्रतिदिन टाइफाइड जैसे लक्षणों के 60 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। खून की जांच में 35 से ज्यादा मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हो रही है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी लैब में 87 लोगों की जांच की गई, जिसमें 36 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
डिहाइड्रेशन, वायरल और त्वचा रोगों के साथ-साथ टाइफाइड इन दिनों शहरवासियों को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। खासतौर पर बार-बार बुखार आने, थकान, भूख न लगना और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आने पर डॉक्टर टाइफाइड की जांच कराने की सलाह दे रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि टाइफाइड के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। नियमित दवा और परहेज से मरीज धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में टाइफाइड लक्षण वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ब्लड टेस्ट में रोजाना 10 से अधिक मरीज पॉजिटिव मिल रहे हैं। सोमवार को 14 मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। - डॉ. नवीन जैन, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज