नई बस्ती क्षेत्र में पाइप लाइन डालने का काम शुरू हुआ।
गर्मी को देखते हुए जलकल विभाग की ओर से शहर में पेयजल समस्या का स्थाई निदान कराने के कवायद शुरू कर दिए गए हैं। नई बस्ती क्षेत्र में पेयजल समस्या के निदान के लिए मुख्य लाइन से गलियों को जोड़ा जा रहा है।
नई बस्ती क्षेत्र में पेयजल की समस्या विकराल है। गर्मी में लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। समस्या के निदान के लिए क्षेत्रीय जनता की ओर से कई बार नगर निगम और जलकल विभाग में शिकायतें भी की गईं लेकिन अफसरों ने सुनवाई तक नहीं की। नगर आयुक्त रामऔतार रमन द्वारा गत दिवस समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल का इंतजाम कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लग रहे नलकूपों को जल्द से जल्द चालू कराने के निर्देश दिए हैं। नई बस्ती में पेयजल समस्या के स्थाई निदान के लिए जलकल विभाग द्वारा संत टाकीज वाली रोड पर पड़ी छह इंच की मुख्य पाइप लाइन से लिंक गलियों को जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया। जलकल विभाग की टीम नई बस्ती में गड्ढा खोदने का कार्य कराया जा रहा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।
महावीर नगर में पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू
पेयजल पुनर्गठन योजना के अंतर्गत जल निगम की ओर से शहर में पाइप लाइन डालने का कार्य कराया जा रहा था, जो नोटबंदी के कारण बंद हो गया था। कैश की समस्या के कारण ठेकेदारों ने कार्य छोड़ दिया। लेबर भी कार्य छोड़कर लौट गई थी। बैंकों में कैश की समस्या दूर होने के बाद जलनिगम ने पुन: शहर में पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू कर दिया। महावीर नगर गली नं. चार में जेसीबी से सड़क खोदने का कार्य कराया जा रहा था। सड़क खुदाई के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे वाहन चालक व राहगीर दूसरी गलियों से जाने को मजबूर हुए।