गुरुवार को फिर खुल गई शराब की दुकान।
शिव मंदिर और आर्यसमाज मंदिर के सामने खुली अंग्रेजी शराब की दुकान को बुधवार को एसडीएम ने बंद करा दिया, लेकिन गुरुवार को दुकान अपने निर्धारित समय पर खोली गई। दुकान बंद कराते समय एसडीएम ने दोबारा दुकान खोलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी, लेकिन एसडीएम के आदेशों का कोई असर नहीं दिखा।
मंदिर के सामने अंग्रेजी शरब की दुकान होने पर टूंडली निवासी भाजपा कार्यकर्ता महेश राठौर ने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम संगम लाल यादव बुधवार शाम मौके पर पहुंचे और स्वयं जांच की और दुकान को मंदिर के सामने माना। दुकानदार से कागजात मांगे जिसे वह नहीं दिखा सका। इस पर उन्होंने दुकान को बंद करा दिया और चेतावनी दी। एसडीएम के जाने के कुछ समय बाद ही दुकान खोल ली गई।
नाप कराने पर दूर निकली दुकान
दुकान को मंदिर के पास पाए जाने पर रात को बंद करा दिया था। सुबह ईओ से नाप कराई गई तो वह शिव मंदिर से 75 मीटर दूरी पर थी, जबकि नियमानुसार शहर में 50 मीटर दूरी पर खोली जा सकती है। इसलिए पुन: कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
- संगम लाल यादव, उपजिलाधिकारी, टूंडला