नारखी में गौवंश छुड़ाने गए भाजयुमो महानगर अध्यक्ष पिंकी चक एवं हिंदू जागरण मंच के ब्रजप्रांत महामंत्री दुर्गेश वर्मा को सरियों एवं लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि गले से सोने की चेन, मोबाइल एवं नकदी लूट ले गए। थाना पुलिस को सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची। भाजपा एवं हिंदूवादी नेताओं ने घटनाक्रम से एसपी को अवगत कराया। चेतावनी दी कि गौवंश मुक्त नहीं कराया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन होगा।
थाना नारखी क्षेत्र में नगला अमान मुरारीलाल भट्टा के पास गौवंश (गाय एवं बैलों) को पकड़ने की सूचना हिंदूवादी संगठनों को मिली। सूचना मिलते ही भाजयुमो महानगर अध्यक्ष यतेंद्र उर्फ पिंकी चक, हिंदू जागरण मंच के दुर्गेश वर्मा, राकेश कुमार, प्रताप राजपूत एवं गुड्डू राठौर आदि पहुंचे। थानाध्यक्ष नारखी को सूचना दी कि क्षेत्र में गौवंश को पकड़ा गया है। हिंदूवादी नेताओं का आरोप है कि उन्होंने गौवंश को खोजने का प्रयास किया तो नगला अमान निवासी आधा दर्जन से अधिक युवकों ने वहां से चले जाने की धमकी दी। हिंदूवादी नेताओं ने विरोध किया तो उक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी दी। हिंदूवादी नेताओं का आरोप है कि पुलिस मौजूद होने के बाद भी मूक बनी रही। उन्होंने कहा कि हम लोग जैसे ही चनौरा के समीप पहुंचे तभी नगला अमान निवासी रवि और मनोज ने साथियों के साथ घेर लिया। लाठी डंडों और सरियों के साथ मारपीट की। इसमें भाजयुमो महानगर अध्यक्ष यतेंद्र उर्फ पिंकी चक एवं दुर्गेश वर्मा के काफी चोटें आई। दोनों लहूलुहान हो गए। हिंदूवादी नेताओं का आरोप है कि पिंकी चक का मोबाइल,1500 की नकदी एवं दुर्गेश वर्मा से सोने की लर, 3500 रुपया भी लूटे। हिंदूवादी नेताओं के साथ मारपीट की जानकारी होते ही भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी,महानगर अध्यक्ष अनिल भारद्वाज, रमाकांत उपाध्याय, सवर्ण संगठन के कौशल किशोर उपाध्याय के साथ जिला मुख्यालय जाकर एसपी पीयूष श्रीवास्तव से भेंट की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ अभियोग दर्ज करके जेल भेजने तथा पकड़े गए गौवंश को मुक्त कराने एवं एसएचओ नारखी को निलंबित करने की मांग की। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।
हिंदूवादी नेताओं पर हमले की निंदा
भाजपा गौसंवर्धन समिति के राष्ट्रीय सह संयोजक बीएल यादव ने कहा कि हिंदूवादी नेता गौवंश छुड़ाने का प्रयास करते हैं तो हमला किया जाता है। नारखी थाना क्षेत्र के गौंछ का बाग पुलिस चौकी क्षेत्र में 50 गौवंश को ले जाया जा रहा था। पुलिस की मौजूदगी में हिंदूवादी नेताओं पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस खड़ी देखती रही। उन्होंने कहा कि गौवंश यदि शीघ्र ही नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। सीओ टूंडला ने गौवंश को नगला अमान में होना बताया है। सदर विधायक मनीष असीजा ने गोकश को पुलिस द्वारा गिरफ्तार न करने पर कड़ा आक्रोश जताया है। गोवंश को छोड़ने वाले एसओ और पुलिस कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले की जांच की जा रही है। पशु बरामद करके पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है।
उदय शंकर सिंह, एसपी सिटी