नारखी के गांव खुशालपुर में लगाया गया बोर्ड। संवाद
नारखी (फिरोजाबाद)। थाना नारखी के खुशालपुर गांव में सोमवार शाम को जाटव और क्षत्रिय समाज के लोग आमने-सामने आ गए। आंबेडकर जयंती के मौके पर भीम आर्मी से जुड़े युवकों ने प्राथमिक विद्यालय के पास बस्ती ओर जाने वाली सड़क पर द ग्रेट जाटव का बोर्ड लगा दिया। क्षत्रिय समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए पुलिस को सूचना दी। नारखी पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोग जुट गए। हंगामा बढ़ता देख सीओ टूंडला आसपास के थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। रात लगभग एक बजे तक बातचीत के बाद बोर्ड इस शर्त पर हटवा दिया कि प्रशासन से अनुमति के बाद बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
नारखी के खुशालपुर गांव में सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर जुलूस निकला था। शाम को भीम आर्मी से जुड़े युवकों ने बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर प्राथमिक विद्यालय के पास द ग्रेट जाटव का एक बोर्ड लगा दिया। शाम को बरतरा गांव के फतेह सिंह अपने खेत और मंदिर की तरफ गए तो बोर्ड लगा देख उन्होंने विरोध जताया और डायल 112 पर सूचना दी। उन्होंने सरकारी जमीन पर बोर्ड लगवाने का विरोध किया। आरोप था कि यहां उनके भी खेत हैं। ऐसे में सरकारी जमीन पर बोर्ड लगाना गलत है। सूचना नारखी थाना प्रभारी पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग जुट गए। एक पक्ष बोर्ड उखड़वाने तो दूसरा न उखाड़ने की बात पर अड़ गए। हंगामा बढ़ता देख थाना प्रभारी ने सीओ टूंडला को सूचना दी। इस सीओ टूंडला विनीत कुमार आसपास के थाने रजावली, पचोखरा, टूंडला, फरिहा, नगला सिंघी की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक दोनों पक्षों से बातचीत चलती रही। दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े थे। रात लगभग एक बजे जिला पंचायत सदस्य प्रवेश कुमार और प्रधान अशोक कुमार के समझाने पर जाटव समाज के लोग बोर्ड निकलवाने पर मान गए। सीओ ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रशासन से अनुमति के बाद बोर्ड लगवाया जाएगा। वहीं मंगलवार सुबह जाटव समाज के लोगों ने एसडीएम सदर सत्येंद्र सिंह को ज्ञापन दिया और कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा हुआ। उसे खाली कराया जाए। साथ ही बोर्ड लगाने की अनुमति दी जाए। सीओ टूंडला विनीत कुमार ने बताया कि खुशालपुर के लोगों को समझाया गया कि प्रशासन से अनुमति के बाद बोर्ड लगाने की बात कही गई। इस पर वे मान गए और बोर्ड निकाल लिया।
बोर्ड के सामने पिस्टल दिखाकर बनाया वीडियो वायरल
खुशालपुर में जिस बोर्ड को लेकर मामला गरमा गया था। उसी बोर्ड के आगे कुछ युवक वीडियो बनाया है। जिसमें एक युवक हाथों में पिस्टल लेकर लहरा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच में पिस्टल नकली पाई गई है। इसकी जांच की जा रही है।
नारखी के गांव खुशालपुर में एक बोर्ड को लेकर जाटव और क्षत्रिय समाज के लोग आमने-सामने आ गए थे। सभी को समझाकर शांत कर दिया गया है। फिलहाल बोर्ड हटवाकर रखवा दिया है। उन्हें आश्वासन दिया है कि प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद बोर्ड लगवा दिया जाएगा।
विनीत कुमार सारस्वत, सीओ टूंडला