जसराना। मां कामाख्या धाम जसराना में पिछले 42 वर्ष से मनाए जा रहे पांच दिवसीय अंबुबाची महोत्सव का शुभारंभ सोमवार से होगा। इस दौरान मंगला आरती के साथ मां का सफेद वस्त्रों में श्रृंगार किया जाएगा। सुबह चार बजे लेकर पांच बजे तक चलने वाली पूजा अर्चना के बाद गर्भग्रह के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इस दौरान मंदिर में भजन कीर्तन एवं पूजा पाठ का दौर चलेगा। मंदिर में उमडने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
जसराना में मां कामाख्या के विग्रह की स्थापना अक्तूबर 1984 में हुई थी। सबसे पहला अंबुबाची महोत्सव धाम के संस्थापक स्वामी माधवानंद के निर्देशन में जून 1985 में मनाया गया था। तभी से जसराना में प्रतिवर्ष महोत्सव का आयोजन किया जाता है। अंबुबाची महोत्सव के दौरान मां के दर्शनों के लिए आसपास के जनपदों के साथ राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, बिहार से भी लोग दर्शनों को आते हैं।
- ये महिलाएं करेंगी पट बंद
ब्लॉक प्रमुख संध्या राजपूत, दीपिका गुप्ता (छर्रा, अलीगढ़), अन्नू चौहान (जसराना), सोनी गुप्ता (सिढ़पुरा), देविका गुप्ता (अलीगढ़), अनुराधा मिश्रा (कुरावली), रजनी गुप्ता (जसराना), डॉली चतुर्वेदी (छिबरामऊ) और अर्चना गुप्ता (दिल्ली) शामिल हैं।
- महोत्सव की मुख्य तिथियां
22 जून को सुबह 5 बजे: मंगला आरती और आम भक्तों के दर्शन के बाद मां का लाल श्रृंगार उतारा जाएगा। इसके बाद सफेद वस्त्रों से मां का अलौकिक श्रृंगार कर पट बंद कर दिए जाएंगे।
24 जून: पूरे जसराना नगर में मां कामाख्या की भव्य पोशाक यात्रा एवं छप्पन भोग शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी।
25 और 26 जून: मां के पट दोबारा खोले जाएंगे, जिसके बाद सभी भक्तों को मां के अत्यंत आकर्षक, दिव्य और नव-श्रृंगार रूप के दर्शन प्राप्त हो सकेंगे।