फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हादसे में दूल्हे के भाई की मौत की खबर सुनते ही शादी वाले घर में मातम पसर गया। भाई की मौत की खबर सुन दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया और बिन दुल्हन ही बारात लौट गई। जिस घर की महिलाएं बहू के स्वागत की तैयारियां कर रही थी वहां दोपहर बाद युवक का शव पहुंचा तो करुण क्रं दन शुरू हो गया। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला न्यू आंबेडकर नगर निवासी हिमांक (30) के भाई निहाल सिंह की बरात मंगलवार को इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के गांव नगला केस गई थी। बारात शाम करीब चार बजे चली गई। दूल्हे का भाई हिमांक, मामा सोनू निवासी अशुआ शिकोहाबाद और भांजे रामू निवासी रहना के साथ बुलट से शामिल होने जा रहा था। सिरसागंज थाना क्षेत्र में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में हिमांक की मौके पर ही मौत हो गई थी वहीं सोनू और रामू घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर हादसे में बड़े भाई की मौत की खबर सुनते ही दूल्हा निहाल सिंह ने शादी से इंकार कर दिया और बिन दुल्हन लिए बारात लौटा लाया। दोपहर बाद हिमांक का शव मोहल्ला न्यू आंबेडकर नगर पहुंचा तो हर आंख नमन थी।
घोड़ी पर बैठते ही मिल गई खबर
दूल्हा बने निहाल सिंह ने बताया बारात चढ़ने जा रही थी, वह घोड़ी पर बैठ गया था। इसी बीच हादसे में भाई की मौत की खबर मिल गई।
दो बच्चे हो गए अनाथ
हिमांक अपने पीछे दो बच्चों व पत्नी आरजू को रोता बिलखता छोड़ गया है। हिमांक मोहल्ले में ही दुकान करता था जबकि पिता भी मोहल्ले में दुकान करते है।