कोरोना का खतरा : सुहागनगरी में विदेश से आए 12 और यात्री
फिरोजाबाद। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुहागनगरी में विदेश से आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हाल में सऊदी अरब, यूएई और सिगांपुर सहित अन्य देशों से 12 और लोग लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सूची मिलने पर इनकी तलाश शुरू कर दी है। इनके मिलने पर आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी।
देश में भी कोरोना के नए वैरिएंट के मामले मिल चुके हैं। सुहागनगरी अभी तक कोरोना मुक्त है, लेकिन विदेश से आने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिले में 48 से ज्यादा लोग विदेश यात्रा कर सुहागनगरी लौटे हैं। रविवार को आई सूची में स्टेशन रोड निवासी एक दंपती, कबीर नगर, छपैटी, गांव पिड़सरा, नगला अजीत जसराना, नरौली सहित अन्य क्षेत्रों में प्रवासी आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें विदेश यात्रियों की जांच के लिए लगा दी गई हैं।
तैयारी है पूरी
विदेश यात्रा कर लौटे 12 और लोगों की सूची आ गई है। अभी तक 48 लोग हाल में ही विदेश यात्रा से लौटे हैं। हम सूची के आधार पर सर्विलांस कराकर उनके कोरोना जांच के लिए सैंपल करा रहे हैं। कोरोना को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। -डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ