फिरोजाबाद। नगर निगम ने बकाया भवन व जलकर के बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सीलिंग कार्रवाई शनिवार को भी जारी रखी। निगम टीम ने मोहल्ला शांतिनगर, शेख लतीफ और श्रीनगर में दुकानों व भवनों पर सील लगाई।
मोहल्ला बगिया में अल्लाबक्श और इकबाल हुसैन की आठ दुकानों को सील किया गया। शनिवार को कुल 12 दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई हुई। कोटला सड़क स्थित सत्कार टॉकीज के संचालकों ने मौके पर पांच लाख रुपये बकाया कर जमा कराया। इसके बाद सत्कार टॉकीज पर सीलिंग की कार्रवाई स्थगित कर दी गई। यह अभियान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 56.5 करोड़ रुपये के लक्ष्य को पूरा करने हेतु चलाया जा रहा है। कर निर्धारण अधिकारी नीरज कुमार पटेल के अनुसार, 50,000 रुपये से अधिक के बकाएदारों पर कुर्की व नीलामी की कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद