फिरोजाबाद। स्मार्ट सिटी के तहत सुहागनगरी में होने वाले विकास कार्यों और कंप्यूटरीकृत यातायात व्यवस्था बनाने को लेकर मंगलवार को नगर निगम में बैठक कर रुपरेखा तैयार की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी के लिए बनाई गई कमेटी के पदाधिकारियों के साथ कार्यदायी संस्था के संचालक भी शामिल रहे। कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया।
शहर को साफ सुथरा तथा सुंदर बनाने को प्रदेश सरकार द्वारा सुहागनगरी को स्मार्ट सिटी में शामिल किया गया था। स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कार्यों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बजट भी स्वीकृत किया गया है। जिसको लेकर नगर निगम अधिकारियों ने विकास कार्य जल्द से जल्द शुरु कराने की पहल शुरु की है। पहले चरण में जो विकास कार्य होंगे उनकी टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुुरु होगी। इसके लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त विजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम में बैठक बुलाई गई। जिसमें अपर जिलाधिकारी, एसपी सिटी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग के साथ अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य करने वाली कंपनियों के संचालक भी मौजूद रहे। एक्सईएन ट्रैफिक अमनेंद्र गौतम ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया था। बैठक के दौरान कुछ सुझावों पर चर्चा भी हुई। जिनको तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। सुझावों पर मोहर लगते ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा कराने के साथ ही विकास कार्यों को शुरु करा दिया जाएगा।
कोलकाता और चेन्नई की कंपनियां कर रही है पहल
कंप्यूटरीकृत ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था के लिए कंमाड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था के लिए शहर में आगरा, दिल्ली, चेन्नई और कोलकाता तक की कंपनियां कवायद कर रही है। इसके तहत शहर के करीब 13 चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे से ट्रैफिक सिग्नल कंट्रोल होगा। कंट्रोल रुम पॉलीवाल हाल के सामने खाली पड़ी जगह पर बनाया जाएगा।