सुहागनगरी में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर देहात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। सुबह से ही महिला-पुरुष और बच्चे हाथों में पूजा का थाल लेकर मंदिरों की कतार में दिखे। कई स्थानों पर श्रद्धालु टोलियों के रूप में मंदिर जाते दिखे। घृत, गंगाजल, दूध, धतूरा, फल, फूल व बेलपत्र से शिव की पूजा की।
गल्ला मंडी स्थित श्रीरामेश्वर, पंचमुखी महादेव मंदिर, चंद्रवार गेट स्थित प्राचीन माता मंदिर, कोटला रोड स्थित रमणेश्वर महादेव मंदिर, मोहल्ला दुली स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बाईपास रोड स्थित गोपाल आश्रम मंदिर में सुबह से शाम तक पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ रही। बस स्टैंड के सामने कुंजीलाल की बगीची, शिवालयों में भी पूजा-अर्चना को भीड़भाड़ दिखी।
हर-हर महादेव सेवा समिति ने सभी शिवभक्तों और कांवड़ियों को मीठे दूध का वितरण किया। दूध वितरण में दीपक गुप्ता, सुगम शिवहरे, प्रमोद पचौरी, मनीष जैन, विक्रम शिवहरे, दीपक झा, रामू गुप्ता, गौरव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
टूंडला के शिव समाधि मंदिर पर विशेष महाआरती का आयोजन हुआ, जहां पुजारी बसंतगिरी ने रुद्राभिषेक किया। अलसुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक शुरू हुआ। नवजात पुत्रों की माताओं ने और नव-वधुओं की सासों ने शीश पर घट धारणकर गाते-बजाते हुए शिवालयों में घट चढ़ाए। शिव समाधि मंदिर, न्यू रेलवे कालोनी, यज्ञशाला स्थित शिवमंदिर, शिवमंदिर, टूंडली शिवमंदिर, रेस्टकैंप घंटेश्वर मंदिर, अधैत भवन स्थित पाखड़ मंदिर, रामलीला मैदान शिव मंदिर, एटारोड स्थित शिव मंदिर, एनसीआर कालेज शिव मंदिर आदि शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ दिखी। बेर 50 रुपये प्रतिकिलो तक बिके। तो सिंघाड़े का आटा 120 से 150 रुपये प्रतिकिलो बिका।
महर भई भोलानाथ की सो खूब करे स्नान..
शिकोहाबाद/जसराना (ब्यूरो)। शिकोहाबाद शिव मेला समिति ने शिवरात्रि पर्व पर शिवबरात निकार्ली। रोडवेज बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर से शुभारंभ हुआ। सीओ अजय कुमार, डा. रामकैलाश यादव ने शिव स्वरूप का तिलक कर बरात को रवाना किया। बरात टुईंया मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। गणेशजी, शिव-पार्वती,काली, श्रीकृष्ण आदि की झांकियां शामिल थीं। शिवबारात में अध्यक्ष रवींद्र यादव, विकास चौधरी, दीपेंद्र यादव, चंद्रकांत यादव आदि मौजूद थे। वहीं नगर के शिव मंदिरों चौमुखी मंदिर, बस स्टेंड शिव मंदिर, गंगेश्वर मंदिर, टुईयां महादेव मंदिर, दास कंपाउंड स्थित शिव मंदिर, महादेव मंदिर, गढै़या स्थित शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु बेल-पत्र, फूल, धतूरा लेकर पहुंचे।
जसराना के वनखंडेश्वर महादेव मंदिर से शोभायात्रा निकाली। भक्तों ने सोरों से कावंड़ लाकर अभिषेक किया। शोभायात्रा कसबे के मां कामाख्या धाम, विंध्यवासिनी धाम, एटा अड्डा, एटा रोड, कसबा के मुख्य चौराहे होते हुए मोहल्ला बनियात, भट्टपुरी, सब्जी मंडी, शिकोहाबाद रोड के साथ मोहल्ला पोतपुरी, शीशपुरी, मझौआ, कूंचा, सीमेंट रोड, घिरोर रोड होते हुए तहसील पर जाकर संपन्न हुई।
सांती मंदिर में कांवड़ियों की लगी कतार
खैरगढ़ (ब्यूरो)। प्राचीन श्री शांतेश्वरनाथ महादेव मंदिर सांती में रात से कांवड़ चढ़ाने वालों की कतारें लग गई थीं। गांव सांती मेला लगा हुआ। गांव प्रतापपुर में भी मेला लगा तथा राजपूतानी होली का आयोजन हुआ। कस्बा खैरगढ़ प्राथमिक विद्यालय के समीप शिवमंदिर में भजन कीर्तन के बाद प्रसाद वितरण हुआ। श्री बालाजी दरबार पर अखंड पाठ का आयोजन और प्रसाद वितरण हुआ।
युवतियां, महिलाएं, पुरुष कांवड़ लेकर पहुंचे। तो सांती मेले में जेबकतरे भी सक्रिय रहे। मेले में पुलिस फोर्स होने के बावजूद कई लोगाें के पर्स व मोबाइल गायब हुए।