सपा नेतृत्व की ओर से वर्तमान विधायक रामवीर सिंह यादव का टिकट काट दिया गया है। इस दौरान उनके कोल्ड स्टोरेज पर शुक्रवार को समर्थकों की आवाजाही तेज रही। इस बीच विधायक ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। विधायक ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने चुनाव लड़ने का आशीर्वाद दिया है।
चार बार के विधायक रामवीर सिंह यादव का टिकट कट गया है। वे पार्टी स्थापना से ही सपा के टिकट पर चुनाव लड़ते आ रहे हैं। सपा विरोधी लहर में 2007 में हारने के बाद 2012 में फिर से जनता ने उनको विधानसभा में पहुंचने का मौका दिया। शिवपाल सिंह यादव के करीबी माने जाने वाले विधायक की टिकट कटने का अंदेशा अखिलेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही हो गया। विधायक ने टिकट पाने की पूरी कोशिश की लेकिन पार्टी ने पूर्व विधायक बाबूजी बलबीर सिंह यादव के पुत्र शिवप्रताप सिंह यादव को टिकट थमा दिया। इससे नाराज समर्थक उनके कोल्ड स्टोरेज पर एकत्रित हो गए। समर्थकों के बीच विधायक रामवीर सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान सपा नेतृत्व भाजपा से मिला हुआ है। भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए निष्ठावान कार्यकर्ताओं को परेशान करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने उनको चुनाव लड़ने का आदेश देने के साथ ही आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर जसराना विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लडे़ंगे। 23 जनवरी को नामांकन किया जाएगा।
समर्थकों की राय पर अगला कदम : ओमप्रकाश वर्मा
शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र से एन वक्त पर टिकट काटे जाने पर विधायक ओमप्रकाश वर्मा व्यथित नजर आए। उन्होंने कहा कि उम्मीद नहीं थी मेरा टिकट काट दिया जाएगा। सर्वजन के बीच जैसा मेरा व्यवहार था और जनता मुझे पसंद करती थी उससे स्थानीय कुछ नेताओं को तकलीफ रही हो। वह पार्टी में हैं और पार्टी के लिए ही काम करेंगे। आगे जो भी फैसला लेंगे समर्थकों और क्षेत्र की जनता से पूछ कर ही लेंगे।
टिकट कटने का मलाल नहीं : धनगर
महाराज सिंह धनगर ने कहा कि टिकट कटने का कोई मलाल नहीं है। पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं और पार्टी के लिए ही काम करूंगा। पार्टी ने जो भी फैसला लिया है पार्टी हित में सोच कर ही लिया है।