ट्रैक्टर से टकराई स्कूली बस, बाल-बाल बचे बच्चे
- फोटो : amar ujala
मुस्तफाबाद मार्ग पर गुरुवार की सुबह स्कूली बस और ट्रैक्टर-ट्राली में सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में बस सवार करीब 12 बच्चे बाल बाल बच गए। वहीं बस से टकराने के बाद ट्राली से अलग होकर ट्र्ैक्टर खंदी में पलट गया। उसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
शिकोहाबाद के गार्डेनिया पब्लिक इंटर कालेज की बस मुस्तफाबाद एवं मोहिनीपुर से बच्चों को लेकर शिकोहाबाद जा रही थी। बस में 12 छात्र-छात्राएं और मोहिनीपुर गांव के विपिन कुमार सवार थे। सुबह करीब 8:30 बजे कटौरा और भायपुर गांव के बीच बस ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर लगने से बस के शीशे टूट गए। शीशे टूटने से कुछ बच्चों को हल्की चोटें भी आईं। वे घबराकर चीखने-चिल्लाने लगे।
टक्कर की आवाज और बच्चों की चीख-पुकार से हड़कंप मच गया। मुस्तफाबाद और मोहिनीपुर के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हादसे से सहमे बच्चों को बस से बाहर निकाला। परिवारीजन उन्हें घर ले गए। इधर, बस से टकराने के बाद ट्रैक्टर पलट गया। इससे ट्रैक्टर सवार आसफाबाद निवासी जीतू पुत्र रामप्रकाश, मनोज पुत्र महाराज सिंह, सुनील पुत्र पंजाबी लाल, रवि पुत्र कहेजी लाल निवासी जसराना घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये लोग इंटरलॉकिंग की ईंट उतार कर मुस्तफाबाद से फीरोजाबाद जा रहे थे। कालेज के प्रबंधक भूपेंद्र यादव ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ जसराना थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने से इंकार किया है।
जसराना क्षेत्र में पहले भी हुए हैं हादसे
जसराना क्षेत्र में स्कूली वाहन पलटने से पहले भी हादसे होते रहे हैं। एक वर्ष पूर्व पलिया स्थिति जीपीएस स्कूल की वैन दारापुर मिलावली वाली सड़क पर एक खंदी में पलट गई थी। इसमें छह बच्चे घायल हुए थे। वहीं 29 नवंबर को मुस्तफाबाद स्थिति एसबीएल ग्लोबल एकेडमी की वैन नहर पुल के पास पलट गई थी तब भी आधा दर्जन बच्चों को हल्की चोटें आईं थी।