जसराना। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर मक्के के खेत में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी करने लगा। परेशान किशोरी कई बार आत्महत्या करने का प्रयास कर चुकी है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि मई 2025 में निजामपुर निवासी सहरोज खान ने उसकी पुत्री को धोखे से कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। जब बेटी बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे घसीटकर पास के ही एक मक्के के खेत में ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बेटी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना ली। इसके बाद आरोपी वीडियो एवं फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के भाई को जान से मारने की धमकी भी दी।
परेशान किशोरी ने अपनी आपबीती मां को सुनाई। दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी सहरोज खान के विरुद्ध धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की गश्ती बढ़ाई गई है।
परेशान किशोरी ने कई बार किया है आत्महत्या का प्रयास
पीडि़ता की मां ने पुलिस को बताया कि पुत्री की हालत काफी खराब हो गई है। उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने के साथ ही वह कई बार जान से देने का प्रयास कर चुकी है। मां का कहना है कि उसने बमुश्किल पूरी घटना के बारे में जानकारी दी है।