फिरोजाबाद। थाना नारखी के नगला अमान स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे ईंट भट्ठे के पास फंदे से लटके मिले दिव्यांग के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। मृतक की मां ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया। मां का कहना है कि बेटा घर से 50 हजार रुपये लेकर निकला था। थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
फरिहा के ग्राम बूढ़ना निवासी मुन्नी देवी ने बताया कि उनका पुत्र प्रदीप कुमार 3 जनवरी को ऑटो लेने के लिए घर से 50 हजार रुपये लेकर निकला था। अगले दिन 4 जनवरी को शाम करीब 6 बजे पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि प्रदीप का शव थाना नारखी के नगला अमान स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे ईंट भट्टे की बाउंड्री में फंदे से लटका मिला है। मृतक की मां ने कुछ स्थानीय व्यक्तियों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। मां ने बेटे के पास मौजूद 50 हजार और मोबाइल गायब होने की बात कही गई है। प्रदीप बाएं पैर से दिव्यांग था, जिसके लिए अकेले फंदा लगाना कठिन था। आरोप लगाया गया है कि नामजद व्यक्तियों ने पहले भी गाली-गलौज और मारपीट की थी और अब साजिश रचकर हत्या को आत्महत्या में बदलने का प्रयास किया है। इंस्पेक्टर नारखी राकेश गिरी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।