टूंडला। लाइनपार के रसूलाबाद मार्ग पर गांव में खेल रहे एक छात्र को असंतुलित ट्रक ने चपेट में ले लिया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाजिदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। ट्रक में आग लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों को बमुश्किल समझाबुझा कर शांत किया गया।
आगरा के थाना एत्मादपुर के गांव मनीराम निवासी योगेश उर्फ गोलू 15 पुत्र तुलसीराम जाटव ननिहाल बालमपुर में नाना रामभरोषी जाटव के साथ रहता था। वह यहां मुरारीलाल मेमोरियल विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। बताते हैं कि योगेश गुरुवार शाम छह बजे करीब घर के बाहर बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इस बीच बाल सड़क पर चली गई। वह उसे उठाने गया तभी अनियंत्रित ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में योगेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश छा गया। उन्होेंने शव को सड़क पर रखते हुए जाम लगा दिया। चंबल से भरे ट्रक में तोड़फोड़ कर आग लगाने का प्रयास किया। ग्रामीण डीएम, एसपी बुलाने और मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया।