फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व जिले में संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों को चिह्नित करने का काम पुलिस एवं प्रशासन ने शुरू कर दिया है। इसके लिए जिले में तहसीलवार टीमों का गठन किया जा रहा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किए जाने के बाद जिला पुलिस एवं प्रशासन के द्वारा जिले 1080 मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता तय करने का निर्णय लिया है। इसके लिए तहसीलवार संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में टीमों का गठन कर दिया है। टीमों के द्वारा मतदान केंद्रों का भ्रमण किए जाने के साथ उनके संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस श्रेणी का निर्धारण किया जाएगा। आयोग के निर्देश पर जिले में इनके निर्धारण के लिए गठित होने वाली टीम में एसडीएम, सीओ के अलावा बीडीओ एवं थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। टीम की रिपोर्ट आने के बाद डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मतदान केंद्रों को तय किया जाएगा।
ब्लाक-बार मतदान केंद्र
ब्लाक मतदान केंद्र बूथ
टूंडला 158 308
नारखी 115 255
फिरोजाबाद 138 279
जसराना 84 173
एका 112 251
हाथवंत 98 219
शिकोहाबद 121 252
मदनपुर 156 293
अरांव 98 202
कुल 1080 2243
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को एसडीएम की अध्यक्षता में संवेदनशील, अति संवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की घटना नहीं होने पाए।
अनिल कुमार मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत फिरोजाबाद