फिरोजाबाद। 31 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की काउंसलिंग सोमवार को नहीं हो सकी। पूरे दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग चलती रही और काउंसलिंग कराने के संबंध में दिशा-निर्देश मिलते रहे। स्कूल आवंटन के लिए काउंसलिंग में बदलाव किया गया है। ऑनलाइन काउंसलिंग कराई जाएगी। प्रोजेक्टर लगाकर स्क्रीन पर स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
सोमवार को काउंसलिंग कराने के लिए महिला औद दिव्यांग शिक्षक बीएसए कार्यालय पहुंच गए। हालांकि दोपहर तक स्पष्ट निर्देश नहीं दिए कि काउंसलिंग होगी या फिर नहीं। शिक्षाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल हुए। मंगलवार को सुबह 11 बजे से ब्लाक संसाधन केंद्रों पर काउंसलिंग होगी। पहले स्कूल आवंटन में अभ्यर्थियों को ऑफ लाइन विकल्प दिए जाते थे। इसमें कर्मचारी कई विकल्प छुपा लेते थे और चहेतों को पसंदीदा विकल्प देते थे लेकिन इस बार शासन ने काउंसलिंग प्रक्रिया में बदलाव किया है। काउंसलिंग के लिए शिक्षक को स्क्रीन पर स्कूल दिखाएं जाएंगे। अभ्यर्थी एक स्कूल पर क्लिक करेगा। शासन से ही स्कूल का आवंटन हो जाएगा और स्कूल आवंटन का पत्र भी तुरंत प्रिंट हो जाएगा।
एबीएसए विनोद पाठक ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया में बदलाव किया है। दो चरणों में वीडियो कांफ्रेंसिंग चली। उसमें शासन से दिशा-निर्देश मिले। अब काउंसलिंग प्रक्रिया मंगलवार को ब्लाक संसाधन केंद्र दबरई पर आयोजित की जाएगी। पुरुष शिक्षकों को रोस्टर प्रक्रिया से स्कूलों का आवंटन होगा।