सुनवाई में उपस्थित नहीं हुआ फर्जी अभिलेखों से नौकरी कर रहा शिक्षक
फिरोजाबाद। परिषदीय स्कूल में 15 साल से फर्जी शैक्षिक अभिलेखों से नौकरी कर रहा शिक्षक जांच कमेटी के सामने उपस्थित नहीं हुआ। शिक्षक को बर्खास्तगी से पूर्व दूसरा नोटिस भेजने की तैयारी है।
सिरसागंज के अध्यापक कॉलोनी निवासी देवेंद्र ने 15 साल पहले हाथरस के ब्लॉक सासनी के कंपोजिट स्कूल दरियापुर में तैनात देवेंद्र नाम के शिक्षक के फर्जी अभिलेखों को तैयार कर बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल कर ली थी। वर्तमान में उसकी तैनाती प्राथमिक विद्यालय नगला परियन में थी। मानव संपदा पोर्टल पर डाटा अपलोड होने के बाद जांच हुई तो मामला सही पाया गया। दो सप्ताह पूर्व जांच होने की भनक लगते ही उसने स्कूल आना बंद कर दिया था।
बीएसए अंजली अग्रवाल की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने उसे नोटिस भेजते हुए बृहस्पतिवार को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। शिक्षक ने पोल खुलने की भनक लगने के बाद बीएसए कार्यालय में इस्तीफा भी दिया, लेकिन उसका इस्तीफा स्वीकृत नहीं किया गया। शिक्षक शासन से आई जांच के बाद ही विद्यालय से नदारद है। बीएसए अंजली अग्रवाल ने बताया कि अब उसे दो मौके और दिए जाएंगे। इसके बाद बर्खास्त करने के साथ सरकारी धनराशि की रिकवरी करने की कार्रवाई की जाएगी।