पुलिस लाइन में अभ्यर्थी परीक्षण केंद्र का निरीक्षण करते डीआईजी साथ हैं एसएसपी। स्रोत पुलिस
फिरोजाबाद। आगरा रेंज की कमान मिलने के बाद पहली बार जिले में आए डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडेय ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस लाइन सभागार में गोष्ठी की। जिसमें उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों पर कार्रवाई व कुख्यात अपराधियों की संपत्ति को करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों के साथ मधुर व्यवहार करने की बात कही।
बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी आगरा रेंज ने एसएसपी सौरभ दीक्षित के साथ पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि थानों के टॉप-10 अपराधियों और संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वाले अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया जाए। महिला संबंधी अपराधों में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करें। आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होंने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाए।
प्रत्येक थाना प्रभारी को गांवों एवं मोहल्लों में ग्राम सुरक्षा समितियों का निर्माण कर समय-समय पर उनके साथ गोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन स्थित नव निर्मित बहुमंजिला इमारतों एवं आरटीसी बैरकों का निरीक्षण किया। प्रदेश उत्तर पुलिस आरक्षी भर्ती के लिए पुलिस लाइन में अभ्यार्थियों के संपन्न हो रहे चिकित्सीय परीक्षण का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया, सभी सर्किल के सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।