शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। पशुओं के विवाद को लेकर एक युवक की बल्लम से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर गांव के ही युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरगनपुर निवासी रामप्रवेश यादव(45) शनिवार की शाम खेत पर था। तभी गांव के ही कमलेश से उसका विवाद हो गया। रामप्रवेश के पुत्र संदीप यादव का आरोप है कि कमलेश ने उसके पिता को घेर लिया और उन पर बल्लम से हमला कर दिया। बल्लम उसके पिता के सीने में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद रामप्रवेश को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे सीओ बल्देव सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र संदीप ने थाना नसीरपुर में तहरीर दी है। तहरीर में उसने कमलेश पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी कमलेश की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपी फरार है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।