स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस (12004) के एक कोच का एसी फेल होने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। गर्मी से परेशान यात्रियों ने टूंडला स्टेशन से ट्रेन को चलने नहीं दिया। मौके पर पहुंचे तकनीशियन खराब एसी को सही नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने यात्रियों को कानपुर पर एसी सही कराने का आश्वासन देकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट टूंडला स्टेशन पर ही खड़ी रही।
नई दिल्ली से चलकर लखनऊ जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस मंगलवार को अपने निर्धारित समय सुबह 8.50 बजे करीब टूंडला रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही कोच संख्या सी-13 के यात्री प्लेटफॉर्म पर आ गए और एसी खराब होने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर स्टेशन अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने यात्रियों को समझाते हुए ट्रेन चलवाने प्रयास किया। इस पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। यात्रियों के आक्रोश को देखते हुए तकनीशियन को बुलाकर एसी में आई खराबी को सही कराने का प्रयास किया गया लेकिन तकनीशियन एसी को सही नहीं कर सके। यात्रियों का आरोप था कि कोच का एसी शुरू से ही काम नहीं कर रहा था। ट्रेन के अलीगढ़ पहुंचने पर उन्होंने शिकायत की तो उन्हें टूंडला स्टेशन पर एसी सही कराने का आश्वासन दिया गया। यात्रियों की मांग थी कि उन्हें साधारण कोच की तरह गर्मी में यात्रा करनी पड़ रही है तो इसका हर्जाना दिया जाए। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस व अधिकारियों ने यात्रियों के सामने ही कानपुर में एसी कोच को सही कराने के आश्वासन देकर यात्रियों को शांत किया। इसके बाद करीब 9.12 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना हुई।