तीन दिन से पूरा शहर बिजली संकट झेल रहा है। आंधी और बरसात में जगह-जगह फाल्टों को बिजली विभाग अभी तक ठीक नहीं कर सका है। 24 घंटे में औसत सात से आठ घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। कई इलाकों में चौबीस घंटे से बिजली गुल है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। न तो टंकियां भर पा रही हैं और न ही नलकूप चल रहे है। बिजली-पानी के संकट से त्रस्त लोग सड़क पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को शीतल खां रोड के बाशिंदों ने नगला बरी पर जाम लगा दिया। वहीं कई मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम पर प्रदर्शन किया।
शीतल खां रोड के लोग शुक्रवार सुबह खाली बर्तन लेकर नगला बरी चौराहा पहुंच गए। उन्होंने हाईवे जाम करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस अधिकारियों ने समस्या का समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि बिजली न आने के कारण वे एक सप्ताह से पानी के लिए परेशान है। नगर निगम अधिकारियों से वार्ता करने के साथ ही समस्या के निदान को गुहार लगाई लेकिन अधिकारी सुनते नहीं है। न तो क्षेत्र में टैंकर भेजे जा रहे है और न ही क्षेत्र में सरकारी नल हैं। ऐसे में पेयजल की आपूर्ति कैसे हो।
ओवरलोड ट्रांसफार्मर, लाइनों पर फाल्ट
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। सुहागनगरी में बिजली के संकट से चहुंओर हाहाकार है। ओवरलोड ट्रांसफार्मर, लाइन पर फाल्ट और शहर में चल रहे मेंटीनेंस कार्य के चलते दिनभर बिजली गुल रहती है। वर्तमान में 24 घंटे में आठ-नौ घंटे बिजली मिलना भी मुश्किल हो रहा है। जनपद में तेज आंधी और बरसात के चलते चार दिनों से शहर से लेकर देहात क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त है। शुक्रवार को भी देहात के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। एसएन बिजलीघर के अंतर्गत प्रकाश टाकीज के निकट लगा ट्रांसफार्मर गुरुवार रात फुंक गया। इससे बाईपास क्षेत्र से जुड़े कई मोहल्ले रातभर अंधेरे में डूबे रहे। इधर, सुबह से बिजलीघर पर मशीनें बदलने का कार्य शुरू हो गया। इस कारण सुबह 11 बजे से शट डाउन ले लिया गया। ऐसे में बिजलीघर से जुड़े दर्जनों मोहल्लों में दिनभर बिजली गुल रही। गांधी पार्क और सुहागनगर बिजलीघर के अंतर्गत अंडरग्राउंड केबिल और बंच केबिल डालने का काम शुक्रवार को दिनभर चला। शुक्रवार को दिन में 12.20 बजे से 14.20 तक मुरादाबाद से कटौती की गई।
बिजलीघरों पर कटौती का हाल
बिजलीघर कटौती
इंडस्ट्रियल - 5.10 घंटे
सुहागनगर - 4.50 घंटे
लेबर कालोनी 5.20 घंटे
रामनगर - 5.00 घंटे
गांधीपार्क - 7.15 घंटे
रसूलपुर - 7.10 घंटे
आसफाबाद - 9.30 घंटे
पुरुषोत्तम बिहार- 8.00 घंटे
एस.एन. - 4.20
नोट - इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर फाल्ट व ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के चलते जनता को दिनभर बिजली संकट झेलना पड़ा।
पांच दिन से मक्खनपुर में अंधेरा
विद्युत अधिकारियों से हॉट-टॉक, व्यापारियों ने सुनाई खरी खोटी
डीएम ने फोर्स साथ लेकर विद्युत लाइन जोड़ने के दिए आदेश
व्यापारियों की चेतावनी, बिजली नहीं मिली तो शनिवार से अनशन
अमर उजाला ब्यूरो
मक्खनपुर। पांच दिन से बिजली एवं पानी संकट जूझ रहे कस्बा मक्खनपुर के व्यापारी शुक्रवार को मुख्यालय पहुंच गए। डीएम को वेदना सुनाने से पूर्व उनकी एसई और एक्सईएन से हॉट-टॉक हो गई। डीएम निधि केसरवानी ने विद्युत अधिकारियों को पुलिस फोर्स को साथ लेकर लाइन जोड़ने के आदेश दिए। व्यापारियों ने आपूर्ति चालू नहीं होने पर क्रमिक अनशन की चेतावनी दी।
कस्बा मक्खनपुर में पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। माधौगंज फीडर से आने वाली लाइन कटी है। मक्खनपुर फीडर पर तैनात संविदाकर्मी लाइन जोड़ने पहुंचे तो यह कहकर भगा दिया गया कि मक्खनपुर का लोड अधिक होने के कारण शिकोहाबाद की बिजली प्रभावित होती है। शुक्रवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता एवं मनोज नेता के नेतृत्व में व्यापारी जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां डीएम कक्ष से बाहर एसई एवं एक्सईएन से व्यापारी नेताओं को हॉट-टॉक हो गई। बाद में डीएम ने व्यापारियों की बात सुनी और दोनों अफसरों को पुलिस फोर्स के साथ लाइन जुड़वाने के आदेश दिए। व्यापारियों ने चेतावनी दी यदि शनिवार सुबह तक लाइन चालू नहीं हुई तो क्रमिक अनशन किया जाएगा। इस दौरान रमाकांत बजाज, डा. संदीप गुप्ता, पूर्व प्रधान खुर्शीद असलम, डा. ज्ञानेंद्र यादव, सत्यवीर सिंह यादव, सुभाष यादव, नियाज हसन अब्बासी, ब्रजकांत गुप्ता, पीयूष गुप्ता, कोल्ड स्टोर के संचालक भुवनेश, रघुवर दयाल गुप्ता पूर्व चेयरमैन शिकोहाबाद, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राजेश गुप्ता मुकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
प्यासी जनता का नगर निगम पर प्रदर्शन
-सम्राट नगर, शांति नगर, जाटवपुरी, श्रीनगर सहित कई मोहल्लों के लोगों ने दर्ज कराई शिकायतें
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। भीषण गर्मी में प्यासी जनता समस्या के निदान को जलकल विभाग के चक्कर काट रही है। सम्राट नगर, शांति नगर, श्रीनगर, जाटवपुरी के बाशिंदों ने शुक्रवार को जलकल विभाग में पेयजल संकट को लेकर हंगामा, नारेबाजी की। सम्राट नगर गली नं. तीन की जनता पेयजल समस्या लेकर पहुंची। महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में नलकूप लगा है, परंतु वह पानी नहीं दे रहा है। शांतिनगर की महिलाएं भी पेयजल समस्या को लेकर जलकल विभाग पहुंची। महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। मजबूरी में प्राइवेट सबमर्सिबल से पानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। आसफाबाद स्थित श्रीनगर, जाटवपुरी लोगों ने भी पेयजल समस्या दर्ज कराई।
एक सैकड़ा के पार हुई टैंकरों की मांग
बिजली की समस्या के चलते शहर में टैंकरों की मांग में इजाफा हुआ है। अभी तक नगर निगम द्वारा 60-70 टैंकरों से पानी सप्लाई की जा रही है। वहीं गुरुवार को यह आंकड़ा एक सैकड़ा के पार पहुंच गया।