पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदे से लटककर दी जान
- घर के अंदर कमरे में मिला युवक का शव, पत्नी और छोटे भाई के साथ रहता था अनिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज(फिरोजाबाद)। कस्बे के आंबेडकरनगर मोहल्ले में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिरसागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी अनिल कुमार (25) ने शनिवार रात पत्नी से विवाद होने के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। इसकी जानकारी रविवार सुबह परिजन को हुई। सूचना पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सिरसागंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि अनिल अपने छोटे भाई बबलू व पत्नी कल्पना के साथ मोहल्ला आंबेडकर नगर में रहता था। शनिवार रात सभी लोग मकान की छत पर सोए थे। रविवार सुबह जब बबलू और कल्पना सोकर जागे तो अनिल छत पर नहीं था। बबलू और कल्पना ने नीचे आकर देखा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर पता चला कि अनिल का शव फंदे पर लटका है। यह देखकर कल्पना और बबलू की चीख निकल गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान बोले, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पत्नी से विवाद होने के बाद युवक ने फंदे लटककर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।