सुभाष तिराहा स्थित निगम के वर्षों पुराने चुंगी कार्यालय में खोदाई के दौरान वर्षों पुरानी तिजोरी निकली। पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में गैस कटर से काटकर तिजोरी खुलवाया गया तो उसमें 28 साल पुराना समाचार-पत्र व गाड़ियों के कागजात मिले।
नगर निगम द्वारा सर्दी में गरीब व बेसहारा लोगों को सर्दी से बचाव के लिए रैन बसेरा का निर्माण कराया जा रहा है। यहां वर्षों पूर्व निगम का चुंगी का कार्यालय संचालित होता था। प्रदेश सरकार द्वारा चुंगी वसूली पर रोक लगाने के बाद इसमें कई साल टैक्स विभाग के कर्मचारी बाद में स्वास्थ्य विभाग के सेनेटरी इंस्पेक्टर बैठकर ड्यूटी को अंजाम दे रहे थे। अब नगर निगम द्वारा जर्जर कार्यालय को तोड़कर रैन बसेरे का निर्माण कराया जाना है। मजदूर कई दिनों से कार्यालय को तोड़ने का काम कर रहे थे। सोमवार को मजदूर कार्य कर रहे थे, तभी जमीन की खोदाई के दौरान वहां करीब 50 वर्ष पुरानी तिजोरी निकली।
वर्षों पुरानी तिजोरी निकलने की सूचना से नगर आयुक्त रामऔतार रमन, सिटी मजिस्ट्रेट एसबी सिंह, सीओ सिटी ओमकार यादव, एसओ उत्तर शशिकांत शर्मा, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार, चीफ इंजीनियर जितेंद्र, एक्सईएन एसपी मिश्रा से अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने अपनी मौजूदगी में मिस्त्री को बुलाकर तिजोरी का ताला खुलवाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने हथौड़ा व छैनी से काटने का भी प्रयास किया, परंतु सफलता नहीं मिली। दो घंटे से अधिक मशक्कत करने के बाद भी सफलता नहीं मिली तो गैस कटरा मंगवा कर उससे ताला कटवाया गया, तो उसमें वर्ष 1988 का एक समाचार पत्र, कुछ गाड़ियों को कागजात व पुराने रजिस्टर मिले।
तिजोरी का नाम सुन दौड़े राहगीर, जमा हुई भीड़
सुभाष तिराहे पर वर्षों पुरानी तिजोरी निकलने की सूचना सुनकर राहगीर दौड़ पड़े। दुकान, रिक्शा चालक, बच्चे, महिला-पुरुष व बुजुर्ग जिसने भी सुना वह तिजोरी को देखने के लिए पहुंचा। काफी संख्या में लोग छतों पर चढ़ गए। देखते ही देखते हुए वहां काफी भीड़ जमा हो गई। अफसरों व पुलिस कर्मियों के हटाने के बाद भी भीड़ नहीं हटी। तिजोरी कटने के बाद ही लोग वहां से हटे।