स्कूल से घर लौट रहा छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र के घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजनों ने यथासंभव स्थल पर उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मामले में परिवारीजनों ने फरिहा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
फरिहा थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी सौरभ पुत्र अशोक कुमार गांव द्वारिका स्थित शिक्षण संस्था में कक्षा सात का छात्र है। मंगलवार सुबह वह घर से स्कूल गया था, लेकिन लौटकर घर नहीं पहुंचा। छात्र के घर न पहुंचने पर परिवारीजनों को चिंता हुई। परिवारीजन स्कूल पहुंचे तो जानकारी दी गई कि सौरभ स्कूल आया था और छुट्टी के बाद घर के लिए चला गया। इसके बाद परिवारीजनों ने सौरभ की तलाश शुरू कर दी लेकिन बुधवार दोपहर तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका। छात्र के अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए पीड़ित परिवारीजन बुधवार को थाना फरिहा पहुंचे और पुलिस को घटनाक्रम से अवगत करा तहरीर दी। पीड़ित परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित परिवारीजनों का कहना है कि उन्होंने सौरभ के साथ आने वाले स्कूली बच्चों से पूछताछ की थी। उन्होंने बताया कि सौरभ नहर वाले रास्ते तक तो था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस छात्र की तलाश करने की बात कह रही है।