एटा रोड पर मंगलवार शाम स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका से पल्सर सवार बदमाश तमंचा दिखाकर नकदी से भरा पर्स लूटकर ले गए। शिक्षका ने घटना की तहरीर दी है।
आगरा निवासी राजवंती जैन प्राथमिक विद्यालय, पखरपुरा में प्रधानाध्यापक हैं। प्रतिदिन की भांति राजवंती जैन मंगलवार शाम साढ़े तीन बजे करीब विद्यालय बंद कर ऑटो से घर लौट रही थी। उनके साथ सहायक शिक्षका नीतू बाला थी। एटा रोड पर पचोखरा-टूंडला के बीच पल्सर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर ऑटो को रोक लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए शिक्षिका से पर्स लूट लिया। पर्स में सात हजार रुपये, एक मोबाइल और अन्य कागजात थे। शिक्षिका द्वारा शोर मचाने पर लोग एकत्रित हो गये, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। घटना के बाद शिक्षिका ने बदमाशों के विरुद्ध पचोखरा थाने में तहरीर दी है।